परहित सरिस धरम नहिं भाई…” अर्थात दूसरों की सेवा से बढ़कर दुनिया में कोई दूसरा धर्म नहीं है। इसी सेवाभावी संकल्प के साथ विदिशा के अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में 6 एवं 7 जून को एक विशाल और ऐतिहासिक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस महायज्ञ में मुख्य रूप से कैंसर एवं कैंसर संभावित मरीजों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क जाँच, परीक्षण और विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श दिया जाएगा।
देश के शीर्ष संस्थानों के डॉक्टर संभालेंगे कमान इस मेगा हेल्थ कैंप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कैंसर इलाज के लिए दुनिया भर में मशहूर टाटा मेमोरियल अस्पताल, मुंबई (Tata Memorial Hospital) के 20 विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक हाई-प्रोफाइल टीम अपनी सेवाएं देगी। इसके साथ ही, एम्स भोपाल (AIIMS) के वरिष्ठ चिकित्सक, विदिशा मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ और निजी क्षेत्र के जाने-माने डॉक्टर्स भी इस शिविर में मरीजों की गंभीर जाँचों के लिए एक साथ एक मंच पर उपस्थित रहेंगे।
जनता की सेवा ही भगवान की पूजा: खुद रहेंगे मौजूद इस सेवा कार्य को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और आयोजकों में भारी उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि जनता की सेवा ही वास्तव में भगवान की सच्ची पूजा है। इस पुनीत कार्य में मरीजों की सुविधा, मार्गदर्शन और सेवा के लिए नेतृत्वकर्ता स्वयं दोनों दिन अस्पताल में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की कमान संभालेंगे।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अंचल के सभी भाई-बहनों से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और यदि किसी भी व्यक्ति में कैंसर के शुरुआती लक्षण या संदेह हो, तो वे कल (6 जून) विदिशा मेडिकल कॉलेज पहुंचकर देश के शीर्ष डॉक्टरों से अपनी नि:शुल्क जाँच अवश्य करवाएं।

















