मध्य प्रदेश कांग्रेस में जमीनी स्तर पर कसावट लाने और गुटबाजी को खत्म करने के लिए आलाकमान ने पूरी तरह कमर कस ली है। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री हरीश चौधरी जी एवं प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी श्री संजय दत्त जी ने नीमच और मंदसौर जिलों का सघन दौरा किया। दोनों दिग्गज प्रभारियों ने यहां जिला कांग्रेस समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठकों को संबोधित किया। बैठक में मुख्य रूप से ग्राम पंचायत स्तर पर संगठन की वास्तविक स्थिति और आगामी चुनावों की जमीनी तैयारियों को लेकर बेहद बारीक समीक्षा की गई।
कागजी नहीं, जमीन पर चाहिए मजबूत संगठन: हरीश चौधरी बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब केवल कागजी दावों से काम नहीं चलेगा। उन्होंने ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटियों और बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) के भौतिक सत्यापन (Physical Verification) पर विशेष जोर दिया। प्रभारियों ने स्पष्ट किया कि हर पंचायत समिति के पदाधिकारियों की सक्रियता की जमीन पर जांच की जाएगी। जो कार्यकर्ता मैदान में निष्क्रिय हैं, उनकी जगह ऊर्जावान और सक्रिय चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी ताकि संगठन को बूथ स्तर पर अभेद्य बनाया जा सके।
जमीनी फीडबैक के आधार पर बनेगी आगे की रणनीति सह प्रभारी संजय दत्त ने बैठक में उपस्थित समन्वय समिति के सदस्यों से वन-टू-वन चर्चा की और संगठन निर्माण को लेकर विस्तृत एवं सामूहिक मन्थन किया। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 की भूमिका मतदाताओं को जोड़ने में सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए उनका सक्रिय होना अनिवार्य है। बैठक में स्थानीय गुटबाजी को दरकिनार कर सभी नेताओं को एकजुट होकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने की नसीहत दी गई। इस समन्वय बैठक में दोनों जिलों के पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्हें प्रभारियों ने तत्काल फील्ड पर उतरने का टास्क सौंपा है।

















