भारत और फ्रांस के बीच मजबूत होते रणनीतिक रिश्तों और तकनीकी साझेदारी के तहत एक नया इतिहास रचा जा रहा है। फ्रांस का खूबसूरत तटीय शहर ‘नीस’ (Nice) इस समय पूरी तरह से भारतीय रंग में रंगा नजर आ रहा है। शहर में आयोजित होने जा रहे ऐतिहासिक ‘भारत इनोवेट्स 2026’ (Bharat Innovates 2026) इनोवेशन समिट में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर फ्रांसीसी नागरिकों और वहां रहने वाले भारतीय प्रवासियों में जबरदस्त उत्साह है, जिसकी गूंज नीस की सड़कों से लेकर सार्वजनिक परिवहन प्रणालियों तक में साफ दिखाई दे रही है।
तिरंगे से पटीं नीस की सड़कें, ट्रामों पर ‘भारत इनोवेट्स’ के पोस्टर्स
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो (VIDEOS) में साफ देखा जा सकता है कि पूरे नीस शहर की मुख्य सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ और फ्रांस का झंडा एक साथ शान से लहरा रहे हैं। इसके साथ ही, शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली ‘नीस ट्राम’ (Nice Trams) को पूरी तरह से ‘भारत इनोवेट्स 2026’ के पोस्टर्स और ब्रांडिंग से कवर कर दिया गया है। वहां से गुजरने वाले लोग भारत की इस तकनीकी धमक को देखकर आकर्षित हो रहे हैं, जो वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते दबदबे और ‘सॉफ्ट पावर’ का सीधा प्रमाण है।
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों कल करेंगे समिट का उद्घाटन
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की इस महत्वाकांक्षी पहल ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन कल (14 जून) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron संयुक्त रूप से करेंगे। 3 दिनों तक चलने वाले इस महा-समिट में भारत के 120 से अधिक दिग्गज डीप-टेक स्टार्टअप्स, शीर्ष शिक्षण संस्थान और 500 से ज्यादा वैश्विक निवेशक शामिल हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक सम्मेलन के जरिए भारत सेमीकंडक्टर, स्पेस टेक्नोलॉजी, एआई और एडवांस्ड कंप्यूटिंग जैसे 13 महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी ताकत का लोहा मनवाएगा।

















