मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता स्वर्गीय श्री बाबूलाल गौर की जयंती के अवसर पर आज विधानसभा परिसर में एक गरिमामय पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं और गणमान्य नागरिकों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपनी बेबाक कार्यशैली और विकासोन्मुख सोच के लिए पहचाने जाने वाले गौर साहब को आज उनकी जयंती पर पूरे प्रदेश में याद किया जा रहा है।
विकास के पर्याय थे बाबूलाल गौर श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्वर्गीय गौर के योगदान को अविस्मरणीय बताया। उन्हें याद करते हुए कहा गया कि भोपाल के आधुनिक स्वरूप और प्रदेश के नगरीय विकास में उनकी भूमिका एक मील का पत्थर है। नगर प्रशासन और कड़े फैसलों के कारण ‘बुलडोजर मंत्री’ के रूप में विख्यात रहे बाबूलाल गौर ने राजनीति में सुचिता और जमीनी जुड़ाव का एक अनूठा उदाहरण पेश किया था। वे एक ऐसे जननेता थे जो समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को भी उतनी ही गंभीरता से सुनते थे।
सादगी और समर्पण की मिसाल विधानसभा में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उनके पुराने साथियों ने उनके साथ बिताए संस्मरण साझा किए। गौर साहब ने अपने लंबे राजनैतिक जीवन में पार्षद से लेकर मुख्यमंत्री और गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया, लेकिन उनकी सादगी और जनता के प्रति समर्पण कभी कम नहीं हुआ। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी स्मृतियों को नमन किया। विधानसभा के अलावा प्रदेश भाजपा कार्यालय और उनके निवास पर भी विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए उन्हें याद किया गया।
















