मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में न्याय की आस लगाए बैठे पीड़ित परिवार को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम (Second Autopsy) कराने की मंजूरी दे दी है। यह विशेष री-पोस्टमार्टम देश के सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एम्स, दिल्ली (AIIMS-Delhi) के विशेषज्ञ डॉक्टरों के एक विशेष पैनल द्वारा किया जाएगा।
परिजनों ने उठाए थे एम्स भोपाल की रिपोर्ट पर सवाल इससे पहले ट्विशा का पोस्टमार्टम एम्स भोपाल में हुआ था, जिसकी शुरुआती रिपोर्ट में मौत की वजह फंदे से लटकना (Asphyxia due to hanging) बताया गया था। हालांकि, मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा और परिजनों ने भोपाल की रिपोर्ट को संदिग्ध बताते हुए कोर्ट का रुख किया था। परिजनों का दावा है कि ट्विशा के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिन्हें शुरुआती जांच में नजरअंदाज किया गया या सही तरीके से दर्ज नहीं किया गया। परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
हाईकोर्ट ने दिए कड़े निर्देश न्यायालय ने मामले की गंभीरता और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया है कि शव को पूरी सुरक्षा के साथ दिल्ली स्थानांतरित किया जाए। दूसरा पोस्टमार्टम पूरी तरह से वीडियोग्राफी की निगरानी में होगा, ताकि किसी भी तरह की विसंगति की गुंजाइश न रहे। यह आदेश ऐसे समय में आया है जब कल ही मुख्य आरोपी पति समर्थ सिंह ने जबलपुर कोर्ट में सरेंडर किया है। कोर्ट के इस सख्त रुख और मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही CBI जांच की सिफारिश किए जाने के बाद, अब इस हाई-प्रोफाइल केस में दूध का दूध और पानी का पानी होने की उम्मीद बढ़ गई है।



















