मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला बड़ा रेल हादसा सामने आ रहा है। यहाँ हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास एक अफवाह के कारण मची भगदड़ में 4 यात्रियों की कटकर मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। चलती ट्रेन में आग लगने की झूठी अफवाह के बाद अपनी जान बचाने के लिए रेलवे ट्रैक पर कूदे बेकसूर यात्री दूसरी तरफ से आ रही तेज रफ्तार पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे के बाद दिल्ली-चेन्नई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह थम गया है।
उदयपुर इंटरसिटी में उठी थी धुएं और आग की अफवाह मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उदयपुर से खजुराहो जा रही उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस जैसे ही मुरैना के हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंची, तभी ट्रेन के एक कोच में अचानक शॉर्ट सर्किट या ब्रेक बाइंडिंग की वजह से धुआं उठने लगा। इसे देखकर किसी यात्री ने ट्रेन में भीषण आग लगने की अफवाह फैला दी। आग की बात सुनते ही कोच में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। ट्रेन की रफ्तार कम होते ही दर्जनों सहमे हुए यात्री अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और दरवाजों से नीचे रेलवे ट्रैक पर कूदने लगे।
दूसरी पटरी पर काल बनकर आई पातालकोट एक्सप्रेस यात्री अभी संभल भी नहीं पाए थे कि तभी डाउन ट्रैक (दूसरी पटरी) पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पातालकोट एक्सप्रेस वहाँ से गुजरी। पटरी पर खड़े और कूद रहे यात्री इस ट्रेन की रफ्तार को भांप नहीं पाए और पातालकोट एक्सप्रेस उन्हें रौंदते हुए निकल गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 4 यात्रियों के चीथड़े उड़ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मुरैना जिला प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस की टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया है, जहाँ कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। रेलवे ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।


















