अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के सातवें दिन एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई सामने आई है। इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने शुक्रवार को वीडियो फुटेज जारी करते हुए बताया कि 50 इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने तेहरान में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के भूमिगत बंकर को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
IDF के अनुसार यह बंकर तेहरान के नेतृत्व परिसर के नीचे बना था और इसे खामेनेई की आपात-युद्ध संचालन के लिए सुरक्षित ठिकाने के रूप में तैयार किया गया था। करीब 100 बम इस परिसर पर गिराए गए। बंकर में कई प्रवेश द्वार और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकों के लिए कमरे बनाए गए थे।
28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के संयुक्त ऑपरेशन ‘Epic Fury’ में खामेनेई समेत 40 से अधिक ईरानी शीर्ष नेताओं को मात्र 60 सेकंड में ढेर कर दिया गया था। इस हमले की जानकारी सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी थी।
खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने कतर, UAE, कुवैत, बहरीन, जॉर्डन, सऊदी अरब, इराक और ओमान में अमेरिकी-इजरायली ठिकानों पर जवाबी हमले किए। ईरान ने चेतावनी दी है कि इस्लामी गणराज्य के इतिहास का सबसे विनाशकारी अभियान अब शुरू होने वाला है।
अब तक इस युद्ध में ईरान में 1,230, लेबनान में 120 और इजरायल में करीब एक दर्जन लोगों की जान जा चुकी है। अमेरिका के 6 सैनिक भी शहीद हुए हैं। युद्ध का दायरा हर गुजरते दिन के साथ बढ़ता जा रहा है।















