कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया के हालिया बयान को लेकर पार्टी ने खुद को स्पष्ट रूप से अलग कर लिया है। विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस पार्टी ने फूल सिंह बरैया से स्पष्टीकरण तलब किया है, वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बयान को उनका निजी विचार करार दिया है।
जीतू पटवारी ने कहा कि फूल सिंह बरैया का बयान कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक राय नहीं है। पार्टी की विचारधारा और नीतियां स्पष्ट हैं और किसी भी नेता के व्यक्तिगत वक्तव्य को संगठन की सोच से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश नायक ने भी फूल सिंह बरैया के बयान से असहमति जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान पार्टी की सामूहिक सोच और अनुशासन के अनुरूप नहीं हैं।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्पष्टीकरण के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है। पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि अनुशासनहीनता या व्यक्तिगत बयानबाजी को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को कांग्रेस के भीतर डैमेज कंट्रोल की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब प्रदेश की राजनीति पहले से ही गरमाई हुई है।

















