जबलपुर, 6 मार्च 2026। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसे का CCTV वीडियो सामने आया है। बिलहरी मार्केट के पास व्यस्त सड़क पर तेज रफ्तार बाइक अचानक स्किड हो गई और उस पर सवार दो युवक करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे।
यह हादसा 5 मार्च की शाम करीब 7:56 बजे गोरा बाजार थाना क्षेत्र में हुआ। CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक तेज रफ्तार से जा रही थी, तभी अचानक बैलेंस बिगड़ा और दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। बाइक के सड़क से रगड़ खाने से चिंगारियां निकलती भी नजर आ रही हैं। बाइक तब तक नहीं रुकी जब तक करीब 100 मीटर की दूरी तय नहीं हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल युवकों की मदद की। दोनों को चोटें आई हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिलहरी इलाके में सड़क हादसे आम हो गए हैं। लोगों ने प्रशासन से इस व्यस्त सड़क पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग ओवरस्पीडिंग के खतरों को लेकर चिंता जता रहे हैं।


















